चिदंबरम सोमवार से मिजोरम व असम के दौरे पर
आईजोल, 23 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम सोमवार से मिजोरम व असम के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वह इन राज्यों में सुरक्षा हालात और आतंकवाद के खिलाफ जारी कार्रवाई की समीक्षा करेंगे।
एक अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, "चिदंबरम सोमवार सुबह मिजोरम की राजधानी आईजोल के लिए रवाना होंगे और वहां से पश्चिम मिजोरम के मामित जिले में जाएंगे। वहां वह त्रिपुरा के राहत शिविरों से लौट रहे जनजातीय शरणार्थियों की बस्ती का निरीक्षण करेंगे।"
गृह मंत्रालय की सलाह पर मिजोरम ने शुक्रवार से लगभग 1,000 रींग जनजातीय शरणार्थियों को त्रिपुरा के शरणार्थी शिविरों से वापस लेना शुरू कर दिया है। वहां वे जनजातीय शरणार्थी पिछले वर्ष नवंबर महीने से ही जातीय टकरावों के बाद अपने घरों से भाग कर रह रहे थे।
लगभग 1,000 जनजातीय शरणार्थी 26 मई तक तीन किश्तों में मिजोरम आएंगे।
अधिकारी ने बताया कि चिदंबरम सुरक्षा हालात की समीक्षा के लिए ऐजाल में राज्यपाल एम.एम.लाखेड़ा, मुख्यमंत्री ललथनहावला और शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
चिदंबरम मंगलवार को आईजोल से असम के मुख्य शहर गुवाहाटी जाएंगे और मुख्यमंत्री तरुण गोगोई व शीर्ष नागरिक और सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications