नियंत्रण रेखा पर 6 घंटे तक गोलीबारी, जवान घायल (लीड-3)
पुंछ के मेंढर इलाके में कृष्णा घाटी सेक्टर के क्रांति और कृपाण चौकियों पर सुबह करीब नौ बजे पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी शुरू की। गोलाबारी शाम तीन बजे तक चलती रही। उसके बाद से किसी गोलाबारी की सूचना नहीं है।
जम्मू से 200 किलोमीटर उत्तर में पुंछ के कृष्णा घाटी में स्थित इन चौकियों की सुरक्षा का दायित्व भारतीय सेना की 17 म्हार रेजिमेंट के हाथ है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने सुबह नौ बजे गोलीबारी शुरू की। भारतीय सेना के जवाबी कार्रवाई करने पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रॉकेट दागने शुरू कर दिए।"
उन्होंने बताया, "उन्होंने 30 एमएम के मोर्टार भी दागे।"
पाकिस्तानी पक्ष से 20 से ज्यादा रॉकेट दागे गए। मोर्टार हर पांच से 15 मिनट के अंतराल पर दागे जा रहे थे।
गोलाबारी थमने के बावजूद सेना को सतर्क कर दिया गया है। सेना के प्रवक्ता ने कहा, "हम कोई जोखिम नहीं ले सकते क्योंकि पाकिस्तानी सेना ने शांति में अवरोध पैदा करने और नियंत्रण रेखा पर युद्ध विराम के उल्लंघन की आदत बना ली है।"
प्रवक्ता ने कहा, "भारतीय सेना इसे सीधे तौर पर संघर्ष विराम उल्लंघन का मामला मानती है।"
26 नवंबर 2003 को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्षविराम समझौते के बाद से यह पहला मौका है जब पाकिस्तान की ओर से मोर्टार दागे गए हैं।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने इस महीने में चौथी बार कृष्णा घाटी सेक्टर पर गोलीबारी की है। इससे पहले पाकिस्तान की ओर से एक, छह और 18 मई को गोलीबारी हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications