तपिश, उमस और लू से उत्तर भारत बेहाल (राउंडअप)
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी, उमस और लू की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पंजाब व उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भयंकर लू का प्रकोप रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान का श्री गंगानगर (राजस्थान) देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां का तापमान 48.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिल्लीवासियों को रविवार को जबरदस्त गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राजधानी का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। इसके अलावा आद्र्रता 47.30 फीसदी मापी गई।
आईएमडी का अनुमान है कि सोमवार को भी दिल्ली में लगभग ऐसा ही मौसम रहेगा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान साफ रहेगा।
भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों की ओर रुख करते हैं लेकिन तपिश से यह प्रदेश भी अछूता नहीं है। राज्य के ऊना जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजधानी शिमला का तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "रविवार को ज्यादातर कस्बों का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से सात डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। इसका प्रमुख कारण बारिश का न होना है।" उन्होंने बताया कि रविवार को दर्ज किया गया शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मंडी जिले के सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस, कुल्लू जिले के भुंतार का 29.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा के धर्मशाला का 35.8 डिग्री सेल्सियस और किन्नौर के कालपा का 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को भी मौसम सूखा ही रहेगा।
मध्य प्रदेश में सूरज से बरस रही आग झुलसा देने वाली है। गर्मी और लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार रहेगा और अधिकांश हिस्सा लू की चपेट में बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी और लू का प्रकोप बदस्तूर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र का झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा आगरा का अधिकतम तापमान 44.6, कानपुर का 41.1, इलाहाबाद का 40.8, वाराणसी का 40.2 और लखनऊ का 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है बल्कि एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी क्षेत्र से आने वाली गर्म हवाओं और आसमान साफ होने के कारण सूर्य से पड़ने वाली सीधी किरणों की वजह से तापमान में वृद्धि हो रही है।
आईएमडी के अनुसार रविवार को चार महानगरों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस, मुंबई का 34.5 और 29.2, कोलकाता का 33.9 और 25.0 डिग्री सेल्सियस एवं चेन्नई का अधिकतम तापमान 39.3 और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
आईएमडी ने तटीय आंध्र प्रदेश और उड़ीसा में अगले 12 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घंटों में भारी बारिश का अनुमान है।
इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 48 घटों के भीतर गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications