शादी समारोह में विषाक्त खाना खाने से 150 बीमार
उज्जैन, 23 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक शादी समारोह में विषाक्त खाना खाने से 150 से ज्यादा लोग बीमार हो गए हैं। बीमारों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार महाकाल थाना क्षेत्र में स्थित नलियाबाखल इलाके में शादी के बाद मकबूल हाल में भोज का आयोजन किया गया था। रविवार को आयोजित इस भोज में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। खाना खाने के बाद लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। कुछ ही देर में पीड़ित लोगों की संख्या 100 को पार कर गई और जिला चिकित्सालय में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
उज्जैन की कलेक्टर एम. गीता के मुताबिक जिला चिकित्सालय में पहुंचने वाले बीमारों की संख्या 150 हो गई है। इनके इलाज के लिए चिकित्सालय में चिकित्सकों के दल तैनात कर दिए गए हैं, इतना ही नहीं अन्य अस्पतालों में भी पीड़ितों को भेजा जा रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि दूषित मावा की मिठाई खाने से लोग बीमार हुए है। कलेक्टर का कहना है कि मावा की मिठाई को जब्त कर नमूने परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications