बैंक ऑफ राजस्थान के विलय को मंजूरी
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। आईसीआईसीआई बैंक के निदेशक मंडल ने रविवार को 3,000 करोड़ रुपये (65 करोड़ डॉलर) के विनिमय सौदे (स्वैप डील) के तहत बैंक ऑफ राजस्थान के विलय को मंजूरी दे दी है।
आईसीआईसीआई बैंक को इस सौदे में नकद हस्तांतरण नहीं करना पड़ेगा। बैंक इस विलय के जरिए देश में सबसे बड़ा निजी बैंक होने की स्थिति को बरकरार रखना चाहता है।
निदेशक मंडल ने बैंक ऑफ राजस्थान के 118 शेयरों पर आईसीआईसीआई बैंक के 25 शेयर देने को मंजूरी दे दी है। इसके लिए आईसीआईसीआई बैंक के एक शेयर पर बैंक ऑफ राजस्थान के 4.72 शेयरों की विनिमय दर तय हुई है।
बैंक ने अपने एक बयान में कहा, "इस विलय से आईसीआईसीआई बैंक के नेटवर्क में शाखाओं की संख्या बढ़ेगी। हालांकि यह अभी भी भारत में सबसे ज्यादा शाखाओं वाला निजी बैंक है और उत्तर और पश्चिमी भारत में इसकी उपस्थिति काफी मजबूत है।"
बैंक ने कहा, "इस विलय के लिए शेयर धारकों और भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी जरूरी है।"
आईसीआईसीआई बैंक देश का मज़बूत वित्तीय समूह है। उदयपुर में 66 साल पहले शुरू किये गए बैंक ऑफ राजस्थान के ज्यादातर शेयर इसके मालिक तायल परिवार के पास हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications