तप रहा है हिमाचल प्रदेश
शिमला, 23 मई (आईएएनएस)। भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों की ओर रुख करते हैं लेकिन तपिश से यह प्रदेश भी अछूता नहीं है।
राज्य के ऊना जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजधानी शिमला का तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "रविवार को ज्यादातर कस्बों का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से सात डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। इसका प्रमुख कारण बारिश का न होना है।"
उन्होंने बताया कि रविवार को दर्ज किया गया शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मंडी जिले के सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस, कुल्लू जिले के भूंटार का 29.2 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा के धर्मशाला का 35.8 डिग्री सेल्सियस और किन्नौर के कालपा का 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को भी मौसम सूखा ही रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications