मैंगलोर विमान हादसा : 12 मृतकों की शिनाख्त नहीं
मैंगलोर, 23 मई (आईएएनएस)। एयर इंडिया के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक अरविंद जाधव ने रविवार को कहा कि मैंगलोर विमान हादसे में मृत 158 लोगों के शवों में से 12 की पहचान अभी नहीं हो सकी है जबकि 128 शवों को उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है।
जाधव ने कहा कि शव परीक्षण के बाद 128 लोगों के शवों को उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि पहचाने गए अन्य 18 शवों का शव परीक्षण जारी है।
यह पूछे जाने पर कि क्या दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैकबॉक्स मिल गया है, उन्होंने इसका जवाब देने से इंकार करते हुए कहा, "मैं जांच नहीं कर रहा हूं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) आपको इस बारे में बताएगा।"
जाधव ने कहा, "जहां तक मेरी जानकारी है, यह अभी तक नहीं मिला है लेकिन आपको यह सवाल डीजीसीए से पूछना चाहिए।"
जाधव ने स्थानीय ग्रामीणों और मैंगलोर के चिकित्सकों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय प्रशासन का राहत कार्यो में मदद के लिए आभार जताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications