मैंगलोर विमान हादसा : एयर इंडिया देगी 10 लाख रुपये अंतरिम राहत
एयर इंडिया के प्रमुख अरविंद जाधव ने रविवार को कहा कि पूरा मुआवजा मिलने तक यह अंतरिम राहत है।
उन्होंने कहा कि बाज्पे हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह हुई विमान दुर्घटना में घायल हुए हर व्यक्ति को दो लाख रुपये की राहत देगी। पिछले एक दशक में देश में हुई सबसे बड़ी विमान दुर्घटना में 158 लोगों की मौत हुई और केवल आठ लोग जीवित बच पाए।
जाधव ने कहा कि यह राहत प्रधानमंत्री (मनमोहन सिंह) द्वारा पहले घोषित अनुग्रह राशि के अलावा है।
उन्होंने कहा कि एक बीमा कंपनी से बात करने के बाद एयर इंडिया ने अंतरित राहत तय की। शेष मुआवजा मिलने के समय इस राशि को समायोजित किया जाएगा।
जाधव ने कहा कि मुआवजे को लेकर कोई भी विवाद स्थानीय प्रशासन निपटाएगा।
उन्होंने मीडिया से संयम बरतने और दुबई से मैंगलोर आ रही उड़ान के कारणों के बारे में अटकलें नहीं लगाने का आग्रह किया। अटकलबाजी से मुआवजे की प्रक्रिया प्रभावित होगी। इसका अंतर्राष्ट्रीय प्रभाव होगा।
हादसे के बाद बचाव कार्य में सहयोग करने वाले ग्रामीणों का शुक्रिया अदा करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने बहुत मदद की।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विमान को उड़ाने से पहले दोनों पायलटों ने पर्याप्त आराम किया था। साथ ही दोनों पायलट बेहद अनुभवी थे।
उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications