मैंगलोर विमान हादसा : 'सभी शवों को बरामद कर लिया गया'
मैंगलोर, 23 मई (आईएएनएस)। बाज्पे हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह हुई विमान दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट करते हुए एयर इंडिया के प्रमुख अरविंद जाधव ने रविवार को कहा कि सभी शवों को बरामद कर लिया गया है। इनमें से 128 को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है जबकि 12 शवों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
उन्होंने मृतकों में 12 वर्ष से अधिक आयु वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये, 10 से 12 साल के बीच के मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये और घायलों को दो लाख रुपये की अंतरिम सहायता की घोषणा की।
जाधव ने कहा कि मृतकों के परिजनों को सदमे से उबरने के लिए परामर्श की व्यवस्था की जाएगी।
हादसे के बाद बचाव कार्य में सहयोग करने वाले ग्रामीणों का शुक्रिया अदा करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने बहुत मदद की।
जाधव ने कहा कि एयर इंडिया इस हादसे में बचे लोगों की देखभाल करेगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विमान को उड़ाने से पहले दोनों पायलटों ने पर्याप्त आराम किया था। साथ ही दोनों पायलट बेहद अनुभवी थे।
उन्होंने कहा कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने अपनी जांच शुरू कर दी है।
जाधव ने कहा कि पीड़ितों के परिवारों को लाने-ले जाने के लिए विमान की व्यवस्था की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications