झारखण्ड की राजनीति बेतुका नाटक : भाजपा (लीड-2)
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, "आमतौर पर मैं इस तरह के मुद्दों पर टिप्पणी नहीं करता, लेकिन यह मामला एक बेतुका नाटक बन गया है।"
ज्ञात हो कि सोरेन ने शुक्रवार को बोकारो में संवाददाताओं से कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के प्रति आश्वस्त हैं। सोरेन ने कहा, "मेरी सरकार पांच साल के लिए गठित हुई थी और हम पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।"
इसके पहले सोरेन ने गुरुवार को उस समय भ्रम की स्थिति पैदा कर दी, जब उन्होंने घोषणा की, "मैं मुख्यमंत्री का पद नहीं छोड़ूंगा। भाजपा के साथ 28-28 महीने के आधार पर सत्ता की साझेदारी हमें स्वीकार्य नहीं है। मैं विधानसभा चुनाव लड़ूंगा।"
इस बीच झामुमो के दो असंतुष्ट विधायक टेकला महतो और लोबिन हेमग्रोम गुरुवार को नई दिल्ली में थे। माना जा रहा है कि वे राज्य में कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने की संभावना तलाश रहे हैं।
सोरेन ने यह तो कहा कि वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, लेकिन उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के नाम का खुलासा नहीं किया। लोकसभा सांसद सोरेन को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए 30 मई तक राज्य विधानसभा की सदस्यता हासिल करनी है।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस से कहा, "शिबू सोरेन एक ऐसे राजनेता हैं जिनके बारे में अनुमान नहीं लगाया जा सकता। हम 25 मई तक इंतजार करेंगे और उसके बाद आगे के कदम के बारे में फैसला करेंगे। सोरेन ने हमें आश्वस्त किया है कि वह 25 मई को सत्ता का हस्तांतरण कर देंगे। हम मीडिया में बयान नहीं दे सकते।"
भाजपा नेता ने कहा, "पार्टी के सामने केवल दो विकल्प हैं, या तो वह झामुमो के समर्थन से सरकार बनाए या फिर समर्थन वापस ले।"
सूत्रों के मुताबिक झामुमो भाजपा के किसी मजबूत नेता को मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार करना नहीं चाहती। भाजपा ने संभवत: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया लेकिन झामुमो मानती है कि मुंडा भविष्य में उसकी बातों को नहीं मान सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications