12वीं के नतीजे घोषित, उर्तीण परीक्षार्थियों का प्रतिशत घटा (लीड-1)
सीबीएसई के प्रवक्ता ने कहा कि पिछले वर्ष सफल छात्र-छात्राओं का प्रतिशत 81 था, जबकि इस वर्ष इसमें 1.13 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 79.87 फीसदी परीक्षार्थी उर्तीण हुए। परीक्षा में उर्तीण छात्रों का प्रतिशत 75.90 और छात्राओं का 85.28 रहा।
नतीजों में चेन्नई अव्वल रहा। यहां 92.12 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे। परीक्षा में सफल रहने वाले नियमित छात्र-छात्राओं का प्रतिशत 81.95 और पत्राचार से पढ़ाई करने वालों का प्रतिशत 41.99 रहा।
इस वर्ष सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में 699,129 छात्रों ने हिस्सा लिया था, जिसमें 408,367 लड़के और 290,762 लड़कियां थीं।
अजमेर, चेन्नई और पंचकुला क्षेत्रों के 12वीं के नतीजों की घोषणा बुधवार को हो गई थी। सीबीएसई के प्रवक्ता के अनुसार सीबीएसई की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट सीबीएसई डॉट एनआईसी डॉट इन पर सुबह आठ बजे के करीब नतीजे अपलोड कर दिए गए।
छात्रों को ई-मेल जरिए भी नतीजे मिल सकते हैं, इसके लिए उन्हें वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट रिजल्ट्स डॉट एनआईसी डॉट इन, डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट सीबीएसई रिजल्ट्स डॉट एनआईसी डॉट इन और डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट सीबीएसई डॉट एनआईसी डॉट इन पर पंजीकरण कराना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications