'3जी तरंग विजेता 31 मई तक भुगतान करें'
बुधवार को संपन्न हुई इस नीलामी से सरकारी खजाने में 67,718.95 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है। यह राशि इस वर्ष सरकार के वित्तीय घाटे (381,408 करोड़ रुपये) में काफी मददगार होगी।
दूरसंचार विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "सरकार ने 3जी स्पेक्ट्रम की नीलामी के परिणाम को मंजूरी दे दी है।" कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता वाली एक समिति नीलामी परिणाम को मंजूरी देने वाली थी।
3जी नीलामी नौ अप्रैल से शुरू हुई थी और 34 दिनों में पूरी हो गई। कुल 22 सेवा क्षेत्रों के लिए 183 चक्र बोलियां लगाई गईं।
दूरसंचार विभाग ने विजेताओं को भुगतान प्रक्रिया और आगे के कदमों के लिए अलग से निर्देश जारी किया है। विजेताओं में भारती एयरटेल, वोडाफोन, रिलायंस कम्युनिकेशंस और एयरसेल शामिल हैं।
दूरसंचार विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सभी विजेताओं को 31 मई तक बोली की राशि जमा करा देनी होगी।
उसके बाद विजेता कंपनियों को पहली सितंबर से व्यावसायिक आधार पर 3जी सेवाएं प्रदान करने की अनुमति दे दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications