शिवराज केंद्र की आलोचना बंद करें : जयपाल
भोपाल, 21 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश के विकास के लिए भरपूर राशि मंजूर की है इसके बावजूद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्र पर भेदभाव का आरोप लगाते रहते हैं। उन्हें केंद्र सरकार की आलोचना बंद कर देनी चाहिए।
कांग्रेस के शहरी क्षेत्रों से निर्वाचित प्रतिनिधियों के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय मंत्री हैं इसलिए राज्य सरकार की आलोचना नहीं कर सकते लेकिन हकीकत यह है कि प्रदेश सरकार खुद कई योजनाओं में दिलचस्पी नहीं ले रही है।
रेड्डी ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रदेश के चार प्रमुख शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन के लिए 525 बसें खरीदने के लिए 101 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं लेकिन राज्य सरकार बसें नहीं खरीद रही है।
केंद्र सरकार द्वारा राज्य के लिए दी जा रही राशि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन 2004 से चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के चार शहरों के लिए चार हजार करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र से मिलने वाली मदद का जिक्र करे, जो वह नहीं करती है। उन्होंने बताया कि नर्मदा परियोजना के लिए केंद्र ने 725 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। केंद्र ने इतनी बड़ी राशि की मंजूरी किसी अन्य राज्य के लिए नहीं किया है।
इस मौके पर प्रदेश प्रभारी और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव वी. के. हरिप्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने प्रदेश में व्याप्त कुपोषण और बिगड़े हालात के लिए राज्य सरकार की नीतियों को दोषी ठहराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications