उत्तर भारत में गर्मी का कहर बरकरार (राउंडअप)
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में गुरुवार को हुई छिटपुट बारिश से भी लोगों को कोई राहत नहीं मिली। मध्य प्रदेश में भी लोग लू के प्रकोप से बेहाल हैं।
मौसम विभाग ने बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटों के अंदर बारिश की संभावना व्यक्त की है।
उधर, चक्रवाती तूफान लैला के कमजोर पड़ने की वजह से आंध्र के तटीय इलाकों में कुछ राहत मिली है। पिछले तीन दिनों से जारी जबरदस्त बारिश और प्रचंड हवाओं से कम से कम 27 लोग मारे गए।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान ओंगोल और कैलाशहर में 14-14 सेंटीमीटर, विशाखापट्टनम में 13, गनावरम व चेरापूंजी में 12-12, अगरतला व वाल्टेयर में 10-10, सिलचर और मालदा में आठ-आठ, कलिंगपट्टनम में सात, लेंगपुई व कावली में छह, अनंतपुर, नेल्लोर व शिलांग में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश हुई।
आईएमडी के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान चार महानगरों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस, मुंबई का 34.4 और 29.0 डिग्री सेल्सियस, कोलकाता का 32.0 और 29.4 डिग्री सेल्सियस एवं चेन्नई का अधिकतम तापमान 36.8 और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले 24 घंटों के भीतर जैसलमेर देश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां का तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 48 घंटों के भीतर आंधी आने के आसार हैं। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में अगले 24 घंटों के भीतर गरज-चमक से साथ आंधी आ सकती है। आंध्र के तटीय इलाकों और तेलंगाना क्षेत्र में भी अगले 12 घंटों के भीतर बारिश बारिश का अनुमान है।
पटना में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कुछ इलाकों में बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में पटना का अधिकतम तापमान 41़ 2 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 41़ 8, गया का 39़ 6 तथा पूर्णिया का 36़ 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने शुक्रवार को बताया कि लैला के परोक्ष असर के रुप में मौसम में बदलाव हुआ है। इसकी वजह से उत्तर प्रदेश से बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर एक टर्फ लाइन बनी है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में भी राज्य के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है तथा तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश में लू का कहर जारी है और यहां झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। भोपाल में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस , इंदौर में 43़ 5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 44़ 3 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 43़ 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे गर्म अब भी खजुराहो बना हुआ है, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जबलपुर, होशंगाबाद, इंदौर और भोपाल संभाग के कई जिलों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं कई हिस्सों में लू का प्रकोप जारी रहने की आशंका जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। राज्य के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।
राज्य के विभिन्न इलाकों में गुरुवार देर रात को हुई बारिश का अधिकतम तापमान पर खास असर नहीं पड़ा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे गर्म स्थान झांसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर का अधिकतम तापमान 44.4, आगरा का 43.8, इलाहाबाद का 43.5, वाराणसी का 42.8, और लखनऊ का 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो से पांच डिग्री अधिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications