सड़क हादसे के बाद पुलिस से हिंसक झ्झड़प
घटना जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के बिड़हना कस्बे की है, जहां सड़क जाम और पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी कर रही नाराज भीड़ ने रोके जाने पर पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक और सिकंदरा थाना प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है, जिसके मद्देनजर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है।
जिले के पुलिस अधीक्षक गोविंद अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि फिलहाल हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है। भारी संख्या में पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) मौके पर मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि हिंसक भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ा, लेकिन उसमें एक-दो लोगों के मामूली चोटिल होने के अलावा किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पथराव में घायल हुए पुलिसकर्मियों की हालत सामान्य है।
बिड़हना कस्बे में शुक्रवार को भीड़ उस समय हिंसक हो गई जब यहां कानपुर-दिल्ली राजमार्ग पर दोपाहर को एक अनियंत्रति ट्रक ने सामने से आ रही बारातियों से भरी बस को टक्कर मारी दी जिससे दो बारातियों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक सड़क किनारे एक दुकान से भिड़ गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और हालात बिगड़ गए। उनका कहना है कि आये दिन यहां पर फ्लाइओवर न होने के कारण हादसे होते रहते हैं। वे लगातार प्रशासन से यहां दुर्घटनाएं रोकने के लिए फ्लाईओवर बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन लगातार उनकी मांगों को अनसुना करता रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हादसे में घायल हुए बारातियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। बस सुल्ताना क्षेत्र से मंगलपुर लौट रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।











Click it and Unblock the Notifications