14 विकलांग छात्रों को 12वीं में 90 प्रतिशत अंक
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की परीक्षा में शामिल हुए 199,448 छात्रों में से 14 विकलांग छात्रों ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किया है।
शुक्रवार को जारी हुई एक आधिकारिक सूचना के मुताबिक इस साल 12वीं की परीक्षा के लिए कुल 1,304 विकलांग छात्रों में 249 नेत्रहीन, 41 बधिर, 672 शारीरिक रूप से विकलांग और 296 डिस्लेक्सिया ग्रस्त छात्रों ने फार्म भरा था। इनमें से 1,273 छात्रों ने यह परीक्षा दी।
परीक्षा में शामिल हुए विकलांग छात्रों में से 1,112 बच्चों को सफलता मिली और इनमें से 14 ने, नौ लड़कों और पांच लड़कियों ने परीक्षा में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। विकलांग बच्चों का परीक्षा परिणाम 87.35 प्रतिशत रहा जो कि पिछले साल के परिणाम 70.24 प्रतिशत से 17.17 प्रतिशत ज्यादा है।
नब्बे प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल करने वाले 14 विशेष छात्रों में चेन्नई के पांच छात्र शामिल हैं, यहां से कुल 188 विकलांग छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे। तीन बच्चे राष्ट्रीय राजधानी से हैं, दिल्ली से कुल 650 विकलांग छात्रों ने परीक्षा दी। शेष छह छात्रों में से तीन इलाहबाद से और तीन अजमेर से हैं।
सीबीएसई 12वीं कक्षा के दिल्ली, गुवाहाटी और इलाहबाद क्षेत्र के परीक्षा परिणाम शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी कर दिए गए थे। अजमेर, चेन्नई और पंचकुला क्षेत्र के परीक्षा परिणामों की घोषणा बुधवार को ही हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications