अगले सप्ताह घर जा सकेंगी जुड़वां बहनें सीता और गीता
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। एक महीने पहले हुई शल्य चिकित्सा के बाद अलग हुईं शरीर से जुड़ी (साइमीज) जुड़वां बहनों सीता और गीता के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। दोनों की देखभाल कर रहे चिकित्सकों ने शुक्रवार को बताया कि उन्हें बुधवार को अस्पताल से घर भेज दिया जाएगा।
बत्रा अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक संजीव बगई ने आईएएनएस को बताया, "दोनों लड़कियां बिल्कुल स्वस्थ हैं और बुधवार को उनकी अस्पताल से छुट्टी कर दी जाएगी। वे बिहार में अपने गृह नगर जा सकेंगी।" सीता-गीता की शल्य चिकित्सा बत्रा अस्पताल में ही हुई थी।
उन्होंने कहा कि दोनों बच्चियों को साल के अंत में नियमित जांच के लिए आना होगा।
बत्रा अस्पताल के 27 चिकित्सकों के एक दल ने पांच अप्रैल को 18 महीने की शरीर से जुड़ी जुड़वां सीता और गीता को एक-दूसरे से अलग किया था।
जुड़वां बहनों में जन्मजात असामान्यताएं थीं। उनकी कमर और पैर जुड़े हुए थे और उनका प्रजनन, उत्सर्जन व आहार तंत्र एक ही था।
साइमीज जुड़वां बहुत दुर्लभ होते हैं और बहुत कम ही शल्य चिकित्सा की अवस्था तक पहुंचने तक जीवित रह पाते हैं। कई अंतर्राष्ट्रीय केंद्रों में शल्य चिकित्सा द्वारा अलग किए गए साइमीज जुड़वाओं के मामले में मिली दीर्घकालिक सफलता का प्रतिशत 50 से भी कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications