पर्यटकों को लुभाने के लिए कनाडा में रोड शो
उत्तरी अमेरिका में पीएटीए के रोड शो में कनाडा की ट्रेवल और टूर कंपनियों से बनर्जी ने कहा, "भारत में अनेक पर्यटन स्थल हैं, ये किसी भी विदेशी पर्यटक के लिए छुट्टियां यादगार बनाने के लिए बेहतर जगह हैं।"
इस रोड शो का उद्देश्य उत्तर अमेरिका के पर्यटकों को भारत आने के लिए आकर्षित करना था। पिछले साल 51 लाख पर्यटक भारत आए थे।
फिलहाल भारत और कनाडा में एक दूसरे देशों के कुल चार लाख पर्यटक आते हैं, इनमें से 80 फीसदी अप्रवासी भारतीय पर्यटक हैं।
कनाडाई लोगों को भारत दर्शन के लिए आमंत्रित करते हुए बनर्जी ने कहा कि भारत की यात्रा पांचों इंद्रियों के साथ मस्तिष्क और आत्मा की यात्रा के समान है।
उन्होंने कहा, "भारत में हिमालय से लगे क्षेत्रों की यात्रा अद्वितीय अहसास है। इस दौरान उत्तर-पूर्व के सिक्किम से हिमाचल और फिर जम्मू एवं कश्मीर तक जाया जा सकता है, महाबलीपुरम के प्राचीन मंदिर, चाय बागान और समृद्ध वन्यजीवन यहां मौजूद हैं।"
प्राकृतिक खूबसूरती से समृद्ध पर्यटन के रूप में तेजी से उभर रहे भारत की चर्चा करते हुए बनर्जी ने कहा, "भारत में 5,000 साल पुरानी सभ्यता है और यह हिन्दू, बौद्ध, जैन और सिख विचारधाराओं का जन्म स्थान है। यहां के 27 स्थान यूनेस्को की धरोहरों की सूची में शामिल हैं। इसलिए आइए और इन्हें देखिए।"
ब्रिटिश राज की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने आधुनिक सुविधाओं से लैस रेलगाड़ियों की संख्या बढ़ाई है।
पर्यटन सचिव ने कहा कि पैलेस ऑन व्हील, रॉयल राजस्थान ऑन व्हील, डेक्कन ओडिसी, गोल्ड शेराट और महाराजा एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत में 166 आकर्षक ग्रामीण पर्यटन स्थल भी मौजूद हैं। अगले पांच सालों में यहां और 90,000 होटल कमरे तैयार हो जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications