ट्रॉली पलटने से 5 मरे, चालक ने फांसी लगाई
लखीमपुर खीरी, 20 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई और इन मौतों से आहत होकर ट्रैक्टर चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक हादसा गुरुवार तड़के धौरहरा कोतवाली इलाके के मैलापुर गांव के पास हुआ। कोतवाली प्रभारी योगेंद्र सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां से थोड़ी दूर पर चालक सियाराम (35) ने खुद को एक पेड़ से लटकाकर फांसी लगा ली थी और उसकी मौत हो चुकी थी।
सिंह ने कहा कि सियाराम के गले से रस्सी का फंदा खोलकर उसे नीचे उतारा और देखा गया तो उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि अपने साथ के लोगों की दर्दनाक मौत से दुखी होकर उसने खुदखुशी कर ली।
पुलिस के मुताबिक सियाराम जिले के पौरोठी गांव का रहने वाला था और वह अपने गांव के लोगों के साथ लखीमपुर खीरी से गेहूं बेचकर घर लौट रहा था।
सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच लगा हुक टूटने से ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें बैठे पांच लोगों की दबकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में अन्य पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications