छोटे भाई ने बड़े भाई को पीटकर मार डाला
कुशीनगर, 20 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में गुरुवार को छोटे भाई ने बड़े भाई को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार जिले के पटेहरवा थाना क्षेत्र में पाण्डेय बरदहां गांव के निवासी प्रमोद पाण्डेय के दोनों बेटे जमीनी विवाद को लेकर गुरुवार सुबह भिड़ गए। इस दौरान छोटे भाई दिलीप पाण्डेय ने बड़े भाई प्रदीप पाण्डेय को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला।
पटेहरवां थानाध्यक्ष रमाशंकर यादव ने बताया कि यह घटना सुबह करीब छह बजे हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मृतक प्रदीप पाण्डेय की पत्नी अन्नपूर्णा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications