लैला से तटीय आंध्र में रेल सेवाएं बाधित
लैला के प्रभाव में आने वाले नौ तटीय जिलों में मूसलाधार वर्षा और तेज आंधी को देखते हुए दक्षिण-मध्य रेलवे ने गुरुवार और शुक्रवार को 31 यात्री रेलगाड़ियों को रद्द करने की घोषणा की।
गुरुवार दोपहर बाद तूफान के तटीय आंध्र को पार करने के समय अन्य रेलगाड़ियों की रफ्तार घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा करने का निर्णय लिया गया है।
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण अनेक रेलगाड़ियां निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से चल रही हैं। प्रकाशम जिले के ओंगोल कस्बे में पटरियां बाढ़ में डूबने से रेल सेवा प्रभावित हुई।
विजयवाड़ा जिले में सभी पैसेंजर रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं। जिन महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है उनमें चेन्नई-हावड़ा कोरोमंडल एक्सप्रेस, कृष्णा-तिरुपति पुरी एक्सप्रेस, राजमुंदरी-विशाखापट्टनम पैसेंजर, तिरुपति-आदिलाबाद कृष्णा एक्सप्रेस और तिरुपति-बिलासपुर पैसेंजर रेलगाड़ियां शामिल हैं।
हावड़ा-हैदराबाद ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस पांच घंटे विलंब से चल रही है जबकि चेन्नई-विजयवाड़ा जन शताब्दी एक्सप्रेस को नेल्लौर से वापस चेन्नई लौटा दिया गया।
भारी वर्षा के कारण विशाखापट्टनम-गुंटूर सिंहाद्री एक्सप्रेस और हावड़ा-हैदराबाद विशेष रेलगाड़ी को पूर्वी गोदावरी जिले के टूनी में खड़ा कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications