दिल्ली विश्वविद्यालय ने बनाया ई-लर्निंग पोर्टल
नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय नई तकनीक से शिक्षण को रोचक बनाने के लिए नया पोर्टल शुरू कर रहा है। शुक्रवार से शुरू होने जा रहे इस पोर्टल के जरिए विश्वविद्यालय के 12 पाठ्यक्रमों की ई-लर्निग सामग्री उपलब्ध कराएगा। विश्वविद्यालय की यह योजना छात्रों की पाठ्यक्रम में रुचि बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफलांग लर्निग (आईएलएलएल) द्वारा तैयार किये गए इस पोर्टल पर छात्र पुराने संरक्षित व्याख्यान, काल्पनिक प्रयोगशाला में प्रयोग और ध्वनि माध्यम में संग्रहित की गई कविताओं के साथ-साथ भरपूर पाठ्य सामग्री प्राप्त कर सकेंगे।
पाठ्यक्रम के सभी विषयों पर ई-पाठ्य, ई-प्रश्नोत्तर, काल्पनिक प्रयोगशाला और ई-व्याख्यान के साथ-साथ एनीमेशन और दृश्य भी इस पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।
पोर्टल तैयार करने वाले आईएलएलएल के निदेशक ए. के. बख्शी ने कहा, "इसे सम्पूर्ण शिक्षण कह सकते हैं, यहां ऐसी चीजें भी मौजूद हैं जिन्हें कोई शिक्षक ब्लैकबोर्ड पर नहीं समझा सकता। दृश्यों और एनीमेशन की मौजूदगी के कारण विषय की समझ बढ़ाने में मदद मिलेगी। "
बख्शी ने आईएएनएस से कहा, "इसके अलावा, यह आज के समय की मांग है। आज आप छात्रों को शोध करने के लिए कहें तो ज्यादा संभावना यही है कि वे पुस्तकालय जाने के बजाय गूगल पर जाएंगे।"
ई-लर्निग सामग्री में फिलहाल भौतिकशास्त्र, रसायनशास्त्र, जीवन विज्ञान, इतिहास, वाणिज्य, गणित, राजनीति शास्त्र, शिक्षा शास्त्र, कंप्यूटर विज्ञान, संस्कृत, हिन्दी और अंग्रजी के पाठ्यक्रम शामिल किए जाएंगे।
पोर्टल का प्रदर्शन करते हुए बख्शी ने कहा इसके जरिए विज्ञान के विद्यार्थी प्रयोग करके प्रत्येक चरण में विज्ञान के सिद्धांतों को आसानी से समझकर परिणामों का अध्ययन कर सकते हैं।
बख्शी ने कहा, "काल्पनिक प्रयोगशाला में प्रयोग के दौरान संग्रहित ध्वनि के जरिए प्रयोग को समझाया जाएगा। पोर्टल में विकलांग छात्रों के लिए भी सुविधाएं दी गई हैं।"
उन्होंने कहा कि अक्सर व्याख्यान को छात्र लिख नहीं पाते हैं। पोर्टल के जरिए व्याख्यान सुनने से छात्र इसे पूरी तरह समझ पाएंगे और कोई चीज छूटने पर इसे दोबारा सुन सकेंगे।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्नोत्तर भी पोर्टल पर दिए गए हैं। इस समय पोर्टल पर 15,000 प्रश्न शामिल किए गए हैं।
बख्शी ने बताया कि इस पोर्टल के जरिए छात्र अपने असाइनमेंट आनलाइन ही जमा कर सकते हैं।
फिलहाल यह पोर्टल दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र ही उपयोग कर पाएंगे। कुछ समय बाद इसकी कुछ पाठ्य सामग्री अन्य छात्रों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
छात्रों को इस पोर्टल की सुविधाओं से अवगत कराने के लिए आईएलएलएल एक निर्देश पुस्तिका का प्रकाशन करेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय का नया सत्र जुलाई से शुरू होगा। विश्वविद्यालय के अंतर्गत 70 कॉलेज शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications