रोजगार के हुनर सिखाएंगी स्वयंसेवी संस्थाएं
भोपाल, 19 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में पिछड़े वर्ग के लगभग चार हजार बेरोजगारों को स्वयंसेवी संस्थाओं के जरिए रोजगार के हुनर सिखाए जाएंगे। इस वर्ग के बेरोजगारों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण में बैंकिंग, रेलवे, आईटी, कम्प्यूटर एवं अन्य रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों को भी जोड़ा गया है।
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अजय विश्नोई के मुताबिक पिछड़ा वर्ग के लिए संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम को तकनीकी, व्यावसायिक, एवं सेवा क्षेत्रों में विस्तारित किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि इस साल स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर सहित 16 जिलों से स्वयंसेवी संस्थाओं ने आवेदन भी किए हैं।
पिछड़ा वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए विश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग स्वरोजगार योजना इस वर्ग के व्यक्तियों के स्वयं का रोजगार प्रारंभ करने के लिए चलाई जा रही है, जिसके जरिए बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराए जाते हैं। इस योजना में 25 प्रतिशत अनुदान हितग्राही को दिया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications