लैला तूफान की आशंका, आंध्र में बचाव दल की तैनाती
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में गुरुवार तड़के और पश्चिम बंगाल में शाम तक चक्रवाती तूफान लैला के प्रवेश करने की आशंका बनी हुई है।
गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने खुद मंगलवार को आपदा प्रबंधन कर्मियों की तैनाती का आदेश जारी किया। यह तैनाती बुधवार शाम तक पूरी हो जाएगी।
हवा भरकर बनने वाली 64 नौकाओं सहित कुल 438 बचाव कर्मियों को आंध्र प्रदेश के छह तटीय जिलों विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, मछलीपट्टनम, गुंटूर, प्रकाशम और नेल्लोर के विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया है।
बयान के मुताबिक, "एनडीएमए ने एनडीआरएफ की तैनाती मंगलवार शाम पांच बजे भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) से चक्रवाती तूफान की चेतावनी प्राप्त होने तथा उसके बाद आपदा प्रबंधन के प्रधान सचिव और उपायुक्तों व आंध्र प्रदेश सरकार से फैक्स संदेश प्राप्त होने के बाद की।"
आईएमडी के अधिकारियों के अनुसार यह चक्रवाती तूफान उत्तरपश्चिम से उत्तर की ओर जाएगा और नेल्लोर और काकींदा के बीच आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों को पार कर जाएगा और गुरुवार सुबह मछलीपट्टनम के करीब होगा।
आंध्र के तटीय इलाकों में अगले 36 घंटों के भीतर और उत्तरी तमिलनाडु में अगले 24 घंटों के भीतर भारी बारिश का अनुमान है।
एक एहतियाती कदम उठाते हुए चक्रवाती तूफान की क्षति से बचने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बंगाल की खाड़ी में स्थित कृष्णा गोदावरी बेसिन क्षेत्र में अपने कच्चे तेल एवं गैस उत्पादन संयंत्र को बंद कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज एजेंसी।












Click it and Unblock the Notifications