लश्कर का कमांडर और उसका सहयोगी मारा गया (लीड-1)
सेना के एक प्रवक्ता के अनुसार लश्कर के क्षेत्रीय कमांडर पाकिस्तानी नागरिक अब्दुल्ला अनास उर्फ अबू अनास और हमाज एक मुठभेड़ में जुदा कुर्द इलाके में मारे गए।
अबू अनास लश्कर का मुख्य 'हवाला' बिचौलिया भी था। वह जम्मू एवं कश्मीर में अवैध धन को पहुंचाता था।
मारा गया दूसरा आतंकवादी महाज अनास का काफी करीबी था और वह भी पाकिस्तानी था।
सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल बिप्लब नाथ ने बताया,"गुप्त सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राइफल्स की 26वीं और 31वीं बटालियन के जवानों ने एक घर को घेर लिया। इसके बाद घर से चार आम लोगों को बाहर निकाला गया।"
नाथ ने बताया कि करीब दो घंटे तक यह मुठभेड़ चली। आतंकवादियों के पास से दो एके-47 राइफलें बरामद हुईं।
एक अधिकारी ने बताया कि दोनों पाकिस्तानी आतंकवादी यहां की स्थानीय महिलाओं के साथ अक्सर छेड़खानी करते थे लेकिन उनके भय से स्थानीय लोग कुछ नहीं कहते थे।
अधिकारी के अनुसार दोनों सुरक्षाबलों के ऊपर हमले की योजना में सक्रिय रूप से शामिल थे।
दोनों इस इलाके में पिछले 10 साल से सक्रिय थे और कई आतंकवादी घटनाओं के लिए जिम्मेदार थे। सुरक्षाबल डोडा जिले में आतंकवादियों के खिलाफ इसे एक बड़ी सफलता मान रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications