3जी नीलामी से 15 अरब डॉलर की आमदनी (राउंडअप)
नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। देश में तीसरी पीढ़ी (3जी) की संचार सेवा शुरू करने के लिए निजी कंपनियों को स्पेक्ट्रम आवंटित करने के लिए जारी नीलामी 34 दिन बाद बुधवार को समाप्त हुई।
इस नीलामी से सरकारी खजाने में करीब 67,718.95 करोड़ रुपये (15अरब डॉलर) आएंगे।
पूरे भारत के लिए लाइसेंस प्राप्त करने वाली कंपनी को 16,750.6 करोड़ रुपये (3.72 अरब डॉलर) भुगतान करने होंगे। सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनियों, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) और महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) को पहले ही स्पेक्ट्रम का आवंटन किया जा चुका है। इन कंपनियों को भी विजेता कंपनी के बराबर ही कीमत चुकानी पड़ेगी।
भारती एयरटेल, रिलायंस कम्युनिकेशन, वोडाफोन एस्सार, आइडिया सेल्युलर, टाटा टेलीसर्विसेस, एयरसेल, एटीस्लेट, एस टेल और वीडियोकॉन टेलीकम्युनिकेशंस जैसी नौ कंपनियों ने नौ अप्रैल को शुरू हुई ऑनलाइन नीलामी में हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय अवकाश और रविवार को छोड़कर बाकी सभी दिन नीलामी की प्रक्रिया चली। बोली का आंकड़ा, जिसमें विजेता कंपनी का नाम भी शामिल है, की घोषणा नीलामी प्रक्रिया पूर्ण होने और सरकार द्वारा मंजूरी मिलने के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।
विजेता कंपनी अब से 10 दिनों के भीतर आवश्यक धनराशि जमा कर देगी। नीलामी में सफल कंपनियों को एक सितंबर से वाणिज्यिक आधार पर 3जी सेवाओं को शुरू करने की अनुमति प्राप्त हो जाएगी।
रिलायंस कम्युनिकेशंस, भारती एयरटेल और एयरसेल ने अलग-अलग सर्वाधिक 13 सर्किल्स जीते हैं। तीनों कंपनियां इन सभी सर्किल्स के लिए सरकार को कुल 27,379.96 करोड़ रुपये का भुगतान करेंगी।
यह धनराशि 67,718.95 करोड़ रुपये की उस कुल धनराशि के 40 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है, जिसे सरकार ने बुधवार को हुई 3जी नीलामी से हासिल करना सुनिश्चित कर लिया है।
रिलायंस ने जिन सर्किल्स के लिए नीलामी जीती है, उनमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और पंजाब शामिल हैं। इसके लिए रिलायंस को 8,585.04 करोड़ रुपये देने होंगे।
भारती के पास दिल्ली, मुंबई, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक जैसे सर्किल्स हैं। भारती को इन सर्किल्स के लिए 12,295.46 करोड़ रुपये के भुगतान करने होंगे। एयरसेल ने अपना ज्यादा ध्यान दक्षिण भारत पर केंद्रित किया है। एयरसेल को 6499.46 करोड़ रुपये भुगतान करने होंगे।
कुल मिलाकर देश भर में 3जी सेवाओं के लिए 22 सर्किल्स हेतु 71 स्लाट नीलामी के लिए सामने रखे गए थे। यह सेवा इंटरनेट टीवी, वीडियो-ऑन-डिमांड, आडियो-वीडियो काल्स और हाईस्पीड डाटा आदान-प्रदान जैसे तीव्र संपर्क और अनुप्रयोगों की सुविधा प्रदान करेगी।
इन कंपनियों में से एटिस्लेट और वीडियोकान एक भी सर्किल नहीं जीत पाईं।
दिल्ली सर्किल के लिए सर्वाधिक 3,316.93 करोड़ रुपये की की बोली राशि आई, उसके बाद मुंबई के लिए 3,247.07 करोड़ रुपये, कर्नाटक के लिए 1,579.91 करोड़ रुपये और तमिलनाडु के लिए 1,464.94 करोड़ रुपये हासिल हुए।
ज्ञात हो कि वैश्विक निवेशक बैंक रोथचिल्ड और दूरसंचार नीलामी सेवा प्रदाता डीओटी डॉट ईसीओएन ने नीलामी में सरकार को परामर्श देने का काम किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications