टाइम्स स्क्वेयर मामले में पाकिस्तानी मेजर गिरफ्तार
लास एंजेलिस टाइम्स ने बुधवार को कहा कि दुबई भागने के प्रयास में जान एफ.केनेडी हवाई अड्डे पर पकड़े गए शहजाद से मेजर के संबंधों की पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन अधिकारियों ने कहा कि दोनों इस्लामाबाद में मिले थे और लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे।
मेजर की गिरफ्तारी से पहली बार यह सामने आया कि पाकिस्तानी सेना का इस मामले से सीधा संबंध है।
अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर जानकारी देने वाले सूत्र ने यह नहीं बताया कि शहजाद और मेजर की मुलाकात कब हुई और फोन पर हुई बातचीत का भी ब्योरा नहीं दिया।
मेजर की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया है क्योंकि कहा जा रहा था कि पाकिस्तानी तालिबान के शहजाद (30 वर्ष) को हमले के लिए मदद देने की अधिक आशंका है।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने शहजाद और आतंकवादी संगठन के बीच कथित मध्यस्थता करने वाले तालिबान के सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार इस व्यक्ति ने बताया कि पिछली गर्मियों में वह शहजाद से तीन बार मिला।
मामले से जुड़े अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार बम विस्फोट के लिए तालिबान ने शहजाद को करीब 15,000 डॉलर दिया था।
शहजाद को मंगलवार को न्यूयार्क की एक अदालत में पेश किया गया। उसने अमेरिकी जांच अधिकारियों को बताया कि वह उत्तरी वजीरिस्तान जाकर आतंकवादी सरगनाओं से मिला था और बम बनाने का प्रशिक्षण हासिल किया।
पाकिस्तानी और अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि उनका मानना है कि शहजाद अफगानिस्तान की सीमा से लगे एक अन्य कबायली इलाके मोहमंद गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications