टाइम्स स्क्वेयर मामला : शहजाद पर आरोप तय (लीड-1)
न्यूयार्क, 19 मई (आईएएनएस)। न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वेयर में बम हमले की साजिश के आरोप में गिरफ्तार होने के दो हफ्ते बाद पाकिस्तानी मूल के संदिग्ध आतंकवादी फैसल शहजाद पर मैनहटन की संघीय अदालत में पहली बार पांच अपराधों के आरोप तय किए गए।
मजिस्ट्रेट न्यायाधीश जेम्स सी.फ्रांसिस चतुर्थ की अदालत में मंगलवार शाम को पेश किए गए फैसल से जब न्यायाधीश ने पूछा कि उसकी वित्तीय स्थिति के बारे में दिया गया शपथ पत्र सही या नहीं तो उसने कहा "हां"।
फैसल पर लोगों की हत्या द्वारा आतंकवाद फैलाने का प्रयास, व्यापक जनसंहार के हथियारों के उपयोग का प्रयास, हिंसा के लिए एक विस्फोटक उपकरण के उपयोग का प्रयास, विस्फोटकों के परिवहन और विस्फोट तथा आगजनी से संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। आतंकवादी अपराधों के प्रयास के लिए अधिकतम आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।
न्यायाधीश ने सहायक अटार्नी रेंडाल जैकसन से पूछा कि क्या सरकार शहजाद को कैद में रखने की इच्छुक है तो उन्होंने कहा, "सरकार हिरासत चाहती है।" अदालत द्वारा नियुक्त शहजाद की वकील जुलिया गाटो ने इस पर अपनी सहमति दी।
न्यायाधीश ने अगली सुनवाई के लिए एक जून की तिथि तय की। अदालत में पेशी के दौरान शहजाद को हथकड़ी लगी थी और पूरी कार्रवाई में 10 मिनट से भी कम समय लगा।
कनेक्टिकट में रहकर एक वित्तीय विश्लेषक के तौर पर काम करने वाले फैसल शहजाद को तीन मई को केनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से पकड़ा गया था। वह एक विमान में सवार होकर दुबई जाने वाला था।
अभियोजकों ने कहा कि आरोपी ने एक निसान पाथफाइंडर कार में स्वयंनिर्मित विस्फोटक भरकर एक मई को टाइम्स स्क्वेयर में छोड़ दिया था। शहजाद को पकड़े जाने के बाद से ही एक अज्ञात स्थान पर रखा गया है। गिरफ्तारी के बाद से ही संघीय जांच अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहा है।
अमेरिकी अटार्नी प्रीत भरारा ने सुनवाई से पहले कहा कि शहजाद ने महत्वपूर्ण सूचनाएं दी हैं। इन पर आगे जांच की कार्रवाई जारी है।
पिछले हफ्ते कई छापों के बाद न्यू इंग्लैंड में तीन अन्य पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पाकिस्तान में भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभी तक इनमें से किसी पर भी आपराधिक आरोप नहीं लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications