अफ़ग़ान यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त

अधिकारियों का कहना है कि एक अफ़ग़ान यात्री विमान कुंदूज़ और काबुल के बीच गिर कर तबाह हो गया है.
विमान में 40 लोग थे लेकिन अभी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है कि उनमें से कुछ बचे भी हैं या नहीं.
कहा जाता है कि यह विमान पामीर एयरवेज़ सलांग दर्रे के पास गिर कर तबाह हो गया.
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ज़ेमराई बशरी ने कहा, मैं इस बात की पुष्टि कर सकता हूं कि विमान में 38 यात्रिओं के अलावा विमानकर्मी भी सवार थे और यह विमान सलांग दर्रे के पास कहीं दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
ये इलाक़ा अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल से 100 किलोमीटर उत्तर की ओर है और यह पहाड़ी इलाक़ा है.
विमान सोमवार को सुबह से ही लापता था. कुछ सूत्रों के मुताबिक़ विमान में विदेशी सवार थे. हालांकि इस ख़बर की पुष्टि नहीं हो सकी है.
कहा जाता है कि अमरीकी और नैटो फ़ौजियों की सहायता में तलाश टुकड़ी दुर्घटनास्थल के लिए निकल पड़ी है.












Click it and Unblock the Notifications