'अमरिंदर का बयान सच्चाई से परे'
दंगा पीड़ितों के वकील एच.एस.फूलका ने कहा, "अमरिंदर सिंह का बयान सच्चाई से परे है। मैं चकित हूं, क्योंकि मैं जानता हूं कि जब वह उस फोरम के संयोजक थे, जिसने टाइटलर के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू की थी, तो इन मामलों से संबंधित उनके विचार अलग थे।"
फूलका ने कहा कि 1985 में गठित हुए उस फोरम ने मुझे निर्देश दिया था कि जगदीश टाइटलर के खिलाफ मामले को जोरदार बनाया जाए।
फूलका ने अमरिंदर सिंह को लिखे एक पत्र में कहा है, "यह बात उस समय की है, जब आप संयोजक थे।" ज्ञात हो कि अमरिंदर ने एक राष्ट्रीय दैनिक में रविवार को प्रकाशित एक साक्षात्कार में कहा है कि टाइटलर और कमलनाथ 1984 के सिख विरोधी दंगों में शामिल नहीं थे।
फूलका ने पत्र में लिखा है, "आपने कहा है कि दो नवंबर, 1984 को आपने गुरुद्वारा सीस गंज साहिब का दौरा किया था और लोगों ने जगदीश टाइटलर का नहीं, बल्कि अन्य कांग्रेसी नेताओं का नाम लिया था। लेकिन दो नवंबर को भी उस इलाके में दंगे जारी थे। गुरुद्वारे में कोई राहत शिविर नहीं था। गुरुद्वारे में उपस्थित लोग अपने जीवन को लेकर चिंतित थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications