ढाका ने कहा भारतीय गेहूं महंगा
ढाका, 16 मई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय बाजार की तुलना में कीमत ज्यादा होने का हवाला देकर बांग्लादेश भारत से गेहूं की खरीदारी रोक सकता है।
बांग्लादेश के खाद्यान महानिदेशक अहमद हुसैन खान ने शनिवार को बांग्लादेश की आधिकारिक समाचार एजेंसी बांग्लादेश संवाद संस्था से कहा कि फिलहाल बांग्लादेश, भारत से गेहूं के आयात के प्रति अनिच्छुक है, क्योंकि निर्यात पर तीन साल तक चली रोक हटने के बावजूद भारत का गेहूं रूस, तुर्की और यूक्रेन के गेहूं से महंगा है।
हुसैन ने कहा कि बांग्लादेश सामान्यत: अंतर्राष्ट्रीय निविदा जारी करके गेहूं की खरीदारी करता है, और निविदा प्राप्त करने वाली एजेंसी वहां से गेहूं खरीद लेती है जहां उसे कम दाम में मिलता है।
उन्होंने कहा, "भारत से निर्यात होने वाला गेहूं एफओबी (फ्री ऑन बोर्ड) दाम हमें काफी जोखिम भरा लग रहा है जबकि हम सीआईएफ (लागत, बीमा और परिवहन) दाम को लाभदायक और जोखिम रहित मानते हैं।"
उन्होंने कहा कि एफओबी दाम के आधार पर गेहूं की कीमत हमें 300 डॉलर प्रति टन पड़ रही है जबकि यूक्रेन, रूस और तुर्की का गेहूं सीआईएफ दाम पर हमें 257 डॉलर प्रति टन से ज्यादा नहीं पड़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications