कम कीमत पर 3जी सेवाएं देगी बीएसएनएल
नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। सरकारी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) तीसरी पीढ़ी (3जी) की दूरसंचार सेवाएं कम कीमत पर उपलब्ध कराएगी। कंपनी का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में 3जी सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाना है।
कंपनी के अध्यक्ष और कार्यकारी निदेशक कुलदीप गोयल ने कहा कि सस्ती 3जी सेवाएं उपलब्ध कराने से देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में मदद मिलेगी। इसके जरिए टेलीमेडिसिन, ई-शिक्षा और ई-प्रसाशन की सेवाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ेगी।
विश्व दूरसंचार दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को गोयल ने कहा कि कंपनी गांव और शहर के बीच तकनीकी खाई को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
केंद्र सरकार की भारत निर्माण योजना के अंतर्गत बीएसएनएल 11,500 विशेष केंद्रों और 50,000 अन्य केंद्रों को वायरलैस ब्रॉडबैंड सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है।
बीएसएनएल देश के उत्तर, पूर्व और दक्षिणी राज्यों के 354 शहरों में अपनी यह सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications