लिट्टे को धन देने पर कनाडा में तमिल को कैद
वेंकूवर, 15 मई (आईएएनएस)। कनाडा की एक अदालत ने एक तमिल को श्रीलंका के आतंकवादी संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) धन उपलब्ध कराने के लिए कैद की सजा दी है।
विदेशी आतंकवादी संगठनों को वित्तीय सहायता देने के आरोप में कनाडा में पहली बार किसी को सजा मिली है।
प्रपहरन थंबिथुरई (46 वर्ष) को मार्च 2008 में गिरफ्तार किया गया था और आपराधिक आरोपों को स्वीकार करने के बाद उसे छह महीने कैद की सजा सुनाई गई। लिट्टे और अन्य कई आतंकवादी संगठनों पर कनाडा में प्रतिबंध है।
उसे 10 वर्ष कैद की सजा का सामना करना पड़ता लेकिन अभियोजन पक्ष ने उसके लिए दो वर्ष कैद की सजा की मांग की। इसके बाद ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश रॉबर्ट्स पॉवर्स उसे छह महीने कैद की सजा सुनाई।
श्रीलंका मूल का तमिल थंबिथुरई टोरंटो इलाके में अपनी कैद की अवधि गुजारेगा, जहां वह रहता था। वह वर्ष 1988 में शरणार्थी के रूप में कनाडा आया था।
थंबिथुरई श्रीलंका में राहत कार्यो के लिए धन जुटा रहा था लेकिन खुफिया विभाग ने पाया कि वह इसकी आड़ में लिट्टे के लिए कोष एकत्र कर रहा है। उसने स्वीकार किया कि मानवीय कार्यो के लिए जुटाई गई रकम का आधा हिस्सा लिट्टे को जाता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications