खबरें प्रायोजित कर रहे हैं राठौर : रुचिका के पिता
गिरहोत्रा ने कहा की राठौर प्रायोजित खबरों के जरिए अफवाह फैला रहे हैं कि सीबीआई द्वारा दर्ज किए गए नए मामलों में उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है।
गिरहोत्रा ने पत्रकारों से कहा, "हम इस खबर का पूरी तरह से विरोध करते हैं। यह खबर आधारहीन है और मामले को प्रभावित करने के उद्देश्य से प्रकाशित करवाई गई है। राठौर ने अपने प्रभुत्व का दुरुपयोग करके इसे प्रकाशित करवाया है। इसके जरिए जिला न्यायालय में 20 मई को प्रस्तावित निर्णय को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।"
शनिवार को एक राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित की गई रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई के अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें दिसंबर 2009 और जनवरी 2010 में दर्ज किए गए हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी, सबूतों से छेड़छाड़, आपराधिक षडयंत्र रचने और रुचिका को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामलों में राठौर के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है।
गिरहोत्रा ने कहा, "हमने जब अखबार के दफ्तर में पूछा तो उन्होंने कहा कि सीबीआई के अफसर ने हमें यह जानकारी दी है। लेकिन आज जब हमने सीबीआई अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि अभी हम किसी नतीजे तक नहीं पहुंचे हैं, जांच अभी चल रही है। भगवान ही जानता है यह गलत खबर रिपोर्टर को किसने दी।"
मामले में मुख्य शिकायतकर्ता आनंद प्रकाश ने कहा कि उन्हें सीबीआई की ईमानदारी पर कोई संदेह नहीं है, उन्हें जांच पर पूरा भरोसा है। लेकिन राठौर अपने साधनों के जरिए जांच में हस्तक्षेप की कोशिश कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications