दिल्ली में रविवार को 20,000 शादियां
अक्षय तृतीय के शुभ अवसर पर रीतिका और विशाल शादी के बंधन में बंधेंगे, लेकिन मनपसंद विवाह स्थल, रसोइया, और बैंड मिलना उनके लिए आसान नहीं रहा। क्योंकि इसी मौके पर दिल्ली में रविवार को 20,000 शादियां संपन्न होंगी।
रीतिका ने आईएएनएस को बताया "हमें विवाह स्थल खोजने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन बहुत दिक्कतों के बाद हमने इसका इंतजाम कर ही लिया। हमको हालांकि मनपसंद रसोइया नहीं मिला, परंतु हम अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त में ही शादी करेंगे।"
दक्षिणी दिल्ली में स्थित छतरपुर मंदिर के आचार्य महेश चंद्र शुक्ल ने बताया कि अक्षय तृतीया हिंदुओं के लिए सबसे शुभ होता है और इस अवसर पर दिल्ली में तकरीबन 15,000 से 20,000 शादियां होंगी।
बिरला मंदिर के पंडित अवधेश कुमार पांडे ने बताया कि विवाह या नए काम शुरू करने के लिहाज से अक्षय तृतीय शुभ दिन होता है। इससे घर में समृद्धि आती है और भाग्योदय होता है।
उन्होंने कहा,"अक्षय तृतीय पर ग्रह दशा को लेकर किसी परामर्श की जरूरत नहीं होती है।"
एक साथ इतनी बड़ी तादाद में राजधानी में हो रही शादियों को देखते हुए अधिकतर पंडितों ने एक से अधिक शादियां कराने के लिए अपनी बुकिंग तक करा ली है।
इस मौके पर अभी तक शहर में सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं और एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अगर इसे लेकर कोई दिशा-निर्देश दिया जाता है, तो देर शनिवार जारी किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, "हमने लोगों को सुझाव दिया है कि पार्किं ग जोन में ही अपने वाहन खड़े करें। इसके अलावा यातायात पुलिस सतर्क रहेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications