'अमेरिका पर बड़ा आतंकवादी हमला पाकिस्तान का अंत होगा'

वाशिंगटन, 15 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पाकिस्तान-अफगानिस्तान नीति बनाने में सहयोग करने वाले सीआईए के एक पूर्व विश्लेषक की नजर में अमेरिका में एक बड़े आतंकवादी हमले का अंजाम पाकिस्तान का अंत होगा।

वाशिंगटन स्थित थिंक टैंक कौंसिल ऑन फॉरेन रिसर्च को दिए गए साक्षात्कार में ब्रूकिंग्स इंस्टीट्यूशन के वरिष्ठ फेलो ब्रूस रिडेल ने कहा, "अब हम पाकिस्तान में एक बहुत खतरनाक घटना को होता देख रहे हैं।"

ओबामा की पाक-अफगान नीति को तैयार करने के लिए पिछले वर्ष एक विशेष समिति की अध्यक्षता करने वाले रिडेल ने कहा, "अलकायदा की विचारधारा, वैश्विक इस्लामी जिहाद की विचारधारा और सभी जिहादियों को अपने सबसे प्रमुख शत्रु अमेरिका पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, यह धारणा अलकायदा से परे सभी संगठनों में जोर पकड़ रही है।"

पिछले तीन दशकों में निर्मित जिहादी ढांचे को पूरी तरह बंद करने के लिए अमेरिकी प्रशासन पाकिस्तान पर वर्षो से दबाव डाल रहा है लेकिन रिडले के अनुसार कोई भी पाकिस्तानी सरकार पूरे आतंकवादी समूह तंत्र को समाप्त करने की इच्छुक नहीं है।

अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी पाकिस्तानी सरकार के कुछ तत्वों के अलकायदा, अफगान तालिबान, पाकिस्तानी तालिबान, लश्कर-ए-तैयबा और अन्य समूहों के साथ संबंधों के बारे में सवाल उठाया है।

रिडेल ने कहा, "हमने मुंबई में 2008 में देखा कि जब लश्कर-ए-तैयबा ने मुंबई पर हमला किया तो उसने अमेरिकी और इजरायली लोगों को निशाना बनाया।"

न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वेयर में विफल बम हमले मामले में गिरफ्तार पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी फैसल शहजाद के संदर्भ में उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तानी तालिबान पहली बार अमेरिका पर हमले का प्रयास कर रहा है।

क्लिंटन ने अमेरिका पर किसी भी सफल बम हमले की स्थिति में पाकिस्तान को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। परंतु रिडेल के अनुसार पाकिस्तान के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई का विकल्प बहुत सीमित होगा और सुझाव दिया कि सबसे बेहतर तरीका अब भी आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पाकिस्तान को प्रेरित करना और उसे अत्याधुनिक हथियार और प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराना है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+