वृद्ध दंपति व नातिन की गला काटकर हत्या
रामपुर (उत्तर प्रदेश), 15 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक वृद्ध दंपति और उनकी नातिन की गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस इन हत्याओं में दंपति के फरार बेटे का हाथ होने पर शक जता रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना शहर के कोतवाली क्षेत्र के बारादरी मुहल्ले की है, जहां शनिवार सुबह कदीर अहमद (80), उनकी पत्नी खुर्शीद (70) और नातिन आशिया (16) के क्षत-विक्षत शव घर में पाए गए। तीनों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी।
रामपुर पुलिस के प्रवक्ता पंकज कुमार ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी सुबह पड़ोसियों ने दी। घटना के बाद से दंपति का छोटा बेटा वजीर फरार है।
उन्होंने बताया कि पड़ोसियों से पता चला है कि वजीर शराबी था और आए दिन पैसों को लेकर झगड़ा करता था। शुक्रवार रात भी उसने अपने माता-पिता से संपत्ति के बंटवारे को लेकर खूब झ्झगड़ा किया था।
कुमार ने कहा कि दंपति के दिल्ली में रहने वाले बड़े बेटे अमीर ने भी अपने भाई पर ही हत्या करने का शक जताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस वजीर की तलाश कर रही हैं। उससे पूछताछ के बाद ही इस मामले में साफ तौर पर कुछ कहा सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications