हैदराबाद में संदिग्ध आतंकी हमला, पुलिकर्मी की मौत (लीड-2)
पुलिस ने कहा कि एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो-तीन नकाबपोशों ने अपराह्न् लगभग चार बजे शाहली बंदा इलाके में वोल्गा होटल के पास पुलिसकर्मियों पर गोलियां दागनी शुरू कर दी।
पुलिस आयुक्त ए.के.खान ने संवाददाताओं को बताया, "अज्ञात हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर दो चक्र गोलियां चलाई। पुलिसकर्मी उस समय जुमे की नमाज के बाद दोपहर का खाना खा रहे थे।"
पुलिस को इस घटना के पीछे आतंकी विकार अहमद का हाथ होने का संदेह है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर अंधाधुध गोलियां दागनी शुरू कर दी। गोलीबारी के कारण इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। उसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में हुए विस्फोट की तीसरी बरसी (18 मई) से पहले किए गए सुरक्षा इंतजाम के तहत पुलिसकर्मियों को यहां तैनात किया गया था।
हमले में आंध्र प्रदेश विशेष पुलिस (एपीएसपी) के कांस्टेबल यू.रमेश की मौत उस्मानिया अस्पाताल ले जाते समय हुई। रमेश आंध्र प्रदेश विशेष पुलिस (एपीएसपी) की 11वीं बटालियन से संबद्ध था। दो अन्य जख्मी पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है।
घटना के तत्काल बाद पुलिस ने पूरे शहर में अलर्ट घोषित कर दिया और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस प्रमुख खान ने के अनुसार इस वारदात में विकार अहमद उर्फ वीकरुद्दीन उर्फ अली खान के शामिल होने का संदेह है।
आतंकी हमले से जुड़ी खुफिया चेतावनी के बाद एक पखवाड़े से शहर में जारी तलाशी अभियान के बावजूद यह हमला अचंभित करने वाला है।
विस्फोट करने की योजना के आरोप में लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकवादी 34 वर्षीय मोहम्मद जिया उल हक को तीन मई को गिरफ्तार किया गया था।
पिछले साल भी विस्फोट की दूसरी बरसी पर पुराने शहर के फल्कुनुमा इलाके में इसी तरह के हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि मक्का मस्जिद में विस्फोट की बरसी पर हुआ हमला आतंकवादी घटना से जुड़ी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल के समान ही इस वर्ष का हमला है।
खान ने कहा,"हम यह निश्चित तौर पर नहीं कह सकते कि इस वारदात के पीछे विकार का हाथ है, लेकिन मुझे उसके शामिल होने का संदेह है। इसके अलावा अन्य भी इसमें शामिल हो सकते है।"
उल्लेखनीय है कि मक्का मस्जिद में 18 मई 2007 को नमाज के दौरान हुए विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई थी। पांच लोगों की मौत विस्फोट की घटना के बाद हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications