उत्तर भारत में भीषण गर्मी (लीड-1)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान वर्धा रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, अगले 48 घंटों के दौरान जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उड़ीसा और पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की बारिश भी हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। दिल्ली के कुछ इलाकों में शुक्रवार को धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे गर्म स्थान झांसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस साल का अधिकतम तापमान का रिकार्ड है। इसके अलावा वाराणसी का अधिकतम तापमान 45.2, इलाहाबाद का 45, कानपुर का 44.2, बहराइच का 44.5 और लखनऊ का 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं।
उधर, बिहार के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान पटना का अधिकतम तापमान 44़ 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि भागलपुर का 45़ 8 और गया का 45़ 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
माना जा रहा है कि इस वर्ष गर्मी पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ देगी। 29 मई, 2005 को पटना का अधिकतम तापमान 45़ 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अब तक मई का रिकार्ड है। यह रिकार्ड इस वर्ष टूटने की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा के अनुसार पछुआ हवाओं और वातावरण में नमी की कम मात्रा के कारण गर्मी का प्रकोप ज्यादा है। उन्होंने कहा कि मानसून की बारिश होने तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया। इस दौरान शाजापुर, सीधी और दतिया राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल में अधिकतम तापमान 44.1, इंदौर में 42.4, ग्वालियर में 45.4 और जबलपुर में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications