पश्चिम बंगाल में नक्सलियों ने 5 की हत्या की (लीड-1)
पुलिस ने बताया कि चार कार्यकर्ताओं के शव पश्चिम मिदनापुर जिले से बरामद किए गए तथा एक पार्टी समर्थक का शव पुरुलिया जिले से बरामद किया गया।
ज्ञात हो कि गुरुवार रात 20 से 25 की संख्या में हथियारबंद नक्सलियों ने झाड़ग्राम के चंदाविला गांव से पांच माकपा कार्यकर्ताओं को अगवा कर लिया था।
राज्य पुलिस नियंत्रण कक्ष में तैनात एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "अगवा किए गए पांचों कार्यकर्ताओं में से चार के शव पश्चिम मिदनापुर-बाकुरा सीमा के पास झिलमिली मार्ग पर पाए गए। "
अधिकारी ने बताया कि शवों के पास से नक्सलियों के पर्चे बरामद हुए हैं। अधिकारी ने कहा कि शवों के हाथ और पैर बंधे हुए थे। माकपा सूत्रों का कहना है कि पांचवा कार्यकर्ता बगैर किसी नुकसान के घर लौट आया है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम के तहत पुरुलिया जिले के अर्शा में माकपा के एक समर्थक की संदिग्ध नक्सलियों ने हत्या कर दी। वह माकपा का पूर्व सदस्य था।
पुलिस महानिरीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) जुल्फिकार हसन ने आईएएनएस को बताया, "हमने एक शव बरामद किया है। हमें संदेह है कि नक्सलियों ने उसकी हत्या की है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications