उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में, लोग बेहाल (राउंडअप)
मौसम विभाग के मुताबिक हालांकि उत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश का सबसे गर्म स्थान वर्धा रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देश के चार महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.4, 33.7, 35.1 और 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू एवं कश्मीर,अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और उत्तराखण्ड के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। राज्य का सबसे गर्म स्थान झांसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस साल का अधिकतम तापमान का रिकार्ड है।
इसके अलावा वाराणसी का अधिकतम तापमान 45.2, इलाहाबाद का 45, कानपुर का 44.2, बहराइच का 44.5 और लखनऊ का 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लखनऊ में मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं।
उधर, बिहार के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान पटना का अधिकतम तापमान 44़ 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भागलपुर में तापसमन 45़ 8 डिग्री और गया का 45़ 5 डिग्री सेल्सियस रहा।
माना जा रहा है कि इस वर्ष गर्मी पिछले पांच साल का रिकार्ड तोड़ देगी। पटना में 29 मई, 2005 को अधिकतम तापमान 45़ 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अब तक मई का रिकार्ड है। यह रिकार्ड इस वर्ष टूटने की संभावना है।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा के अनुसार पछुआ हवाओं और वातावरण में नमी की कम मात्रा के कारण गर्मी का प्रकोप ज्यादा है। उन्होंने कहा कि मानसून की बारिश होने तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
उधर, मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान शाजापुर, सीधी और दतिया राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किए गए।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल में अधिकतम तापमान 44.1, इंदौर में 42.4, ग्वालियर में 45.4 और जबलपुर में 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में अगले 24 घंटों के दौरान वर्षा के आसार जताए हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अगले 48 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी और गरज के साथ बूंदाबांदी के संकेत मिले हैं। उधर, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा में अगले 24 घंटों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखण्ड, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में 48 घंटों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है और बिहार में 24 घंटे बाद वर्षा की उम्मीद है।
दक्षिण भारत में कर्नाटक के आतंरिक हिस्सों आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल के तटीय भागों लक्ष्यद्वीप, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह में अगले 24 घंटों में बारिश के अनुमान जताए गए हैं।
उत्तर-पश्चिम के मैदानी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है और मध्य भारत में मौसम में किसी बदलाव की उम्मीद नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications