पूर्व माकपा सांसद का कांग्रेस की सदस्यता के लिए आवेदन
मनोज ने आईएएनएस को बताया कि उन्होंने राज्य कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष रमेश चेन्निथला और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी से यहां गुरुवार को मुलाकात की थी और कांग्रेस की सदस्यता के लिए उन्हें आवेदन सौंपा था।
मनोज ने कहा कि दोनों नेताओं की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही। मनोज अल्लापुझा लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।
मनोज ने कहा, "उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि मेरा आवेदन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास भेजा जाएगा।"
कांग्रेस के एक नेता ने कहा है कि चेन्निथला और चांडी, दोनों ने कांग्रेस पार्टी की केरल की प्रभारी मोहसिना किदवई से गुरुवार की शाम मुलाकात की थी और मनोज का आवेदन उन्हें सौंप दिया था।
मनोज वर्ष 2004 के चुनाव में अल्लापुझा से माकपा के उम्मीदवार थे। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वी.एम.सुधीरन को पराजित किया था।
वर्ष 2009 के आम चुनाव में भी उन्होंने उसी संसदीय सीट से माकपा के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार वह कांग्रेस के उम्मीदवार के.सी.वेणुगोपाल से पराजित हो गए थे।
मनोज ईसाई समुदाय से हैं और उन्होंने माकपा से इसलिए इस्तीफा देने का निर्णय लिया, क्योंकि पार्टी की ओर से सदस्यों के लिए यह निर्देश जारी किया गया कि उन्हें पार्टी की विचारधारा को अपने धार्मिक विश्वासों से ऊपर रखना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications