बैंकाक में प्रदर्शन स्थल पर सेना तैनात
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार शुक्रवार सुबह रामा 4 रोड इलाके में सेना और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुइर्ं। गुरुवार रात को प्रदर्शनकारियों ने इस इलाके को अपने कब्जे में ले लिया था।
शुक्रवार दोपहर सेना ने पूरे इलाके को कब्जे में ले लिया। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने टॉयरों में आग लगाकर विरोध जताया।
सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी बैंकाक में पिछले दो महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसमें 30 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री अभिसित वेज्जाजीवा से संसद को भंग करने की मांग कर रहे हैं।
गुरुवार रात बैंकाक कई इलाकों में युनाइटेड फ्रंट फॉर डेमोक्रेसी अगेंस्ट डिक्टेटरशिप (यूडीडी) के सदस्यों और सेना के बीच हिंसक झड़पें हुईं। यूडीडी के सुरक्षा मामलों के प्रमुख मेजर जनरल खाट्टिया सावासडिपोल जब विदेशी संवाददाताओं को साक्षात्कार दे रहे थे, तभी उनके सिर पर गोली मार दी गई।
गंभीर रूप से घायल सावासडिपोल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने शुक्रवार को बताया कि सावासडिपोल की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका बचना मुश्किल है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रेनेड हमले में 25 वर्षीय प्रदर्शनकारी चार्टचाई बुआलो की मौत हो गई। हिंसक प्रदर्शन में 32 लोग घायल हुए थे।
उल्लेखनीय है कि बैंकाक में सात अप्रैल से आपातस्थिति लागू है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications