अमेरिका और पाक में शहजाद के साथी गिरफ्तार (लीड-2)
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 14 मई (आईएएनएस)। अमेरिका में न्यूयार्क के मशहूर टाइम्स स्क्वे यर पर विफल आतंकवादी हमले के मुख्य आरोपी फैसल शहजाद की कथित तौर पर सहायता करने वाले एक व्यक्ति को पाकिस्तानी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है। दूसरी ओर अमेरिका में हवाला के जरिए शहजाद को रकम मुहैया करने के आरोप में पाकिस्तान के तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया है कि पाकिस्तान में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकवादी ने यह स्वीकार किया है कि शहजाद को विस्फोट और आतंकवाद का प्रशिक्षण दिलाने में उसने अहम भूमिका निभाई। इस शख्स की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। उसने अधिकारियों को यह भी बताया कि न्यूयार्क के विफल आतंकवादी हमले की साजिश पाकिस्तानी तालिबान ने रची थी।
उधर, अमेरिका में संघीय अधिकारियों ने शहजाद से कथित रूप से संबंध रखने वाले तीन पाकिस्तानियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि दो संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों की गिरफ्तारी गुरुवार को बोस्टन में की गई और तीसरे की गिरफ्तारी मायेन इलाके से की गई। इन पर आव्रजन के नियमों के उल्लंघन का आरोप भी है।
समाचार चैनल सीबीएस न्यूज के अनुसार जांच अधिकारियों के पास इस बात की जानकारी है कि शहजाद ने न्यूयार्क में तबाही मचाने के लिए जरूरी रकम की व्यवस्था हवाला के जरिए की थी। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हमले के लिए पूरी रकम का इंतजाम उसने हवाला के जरिए ही किया था या फिर कुछ रकम इस अवैध प्रक्रिया के जरिए मंगाई थी।
विगत एक मई को टाइम्स स्क्वे यर के बाहर शहजाद का वाहन खड़ा था और उसमें कथित तौर पर विस्फोटक थे। इसके बाद ही उसकी गिरफ्तारी हुई थी। संदेह इस बात का भी है कि उसने इस वाहन को खरीदने और अमेरिका से दुबई जाने का टिकट खरीदने के लिए भी उसने हवाला की रकम का ही इस्तेमाल किया था।
सीएनन ने खबर दी है कि संघीय अधिकारियों ने शहजाद की जांच से जुड़ी कई जानकारियों के बाद छापेमारी की कार्रवाई गुरुवार को की। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया, "हमारी जांच कई पहलुओं पर केंद्रित है। मसलन, शहजाद को पैसे कहां से कैसे मिले। उसे पैसे देने वाला कौन थ। वह किन दोस्तों और सहयोगियों से मिला। उसके फोन, ई-मेल और यात्रा संबंधी जानकारी भी ली जा रही है।"
एटार्नी जनरल एरिक होल्डर ने गुरुवार को बताया, "गिरफ्तार तीनों लोगों का संबंध शहजाद से था। परंतु हम इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्थ नहीं हैं कि इनके संबंध शहजाद से किस तरह के थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications