रेडियोधर्मी विकिरण से बार्क का कर्मचारी जख्मी
मुंबई। भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) परिसर में बुधवार को रेडियोधर्मी पदार्थ के स्थानांतरण के दौरान विकिरण के चपेट में आने से एक कर्मचारी जख्मी हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि वह एक मुहरबंद बक्से में रखे रेडियोधर्मी नमूनों को एक प्रयोगशाला से दूसरी प्रयोगशाला में ले जा रहा था। कर्मचारी के नाम और पद का खुलासा नहीं किया गया है।
बार्क की तरफ से कहा गया है कि रेडियोधर्मी पदार्थ में रिसाव के संकेत मिले हैं। बार्क में विशेषज्ञों ने तुरंत इस मामले को अपने संज्ञान में लिया और जख्मी कर्मचारी को वहां से अलग ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि सामान्य कामकाज पर लौटने से पहले कर्मचारी के विकिरण के प्रभाव को खत्म किया जाएगा।
एहतियात के तौर पर आस-पास के दो अन्य कर्मचारियों का भी चिकित्सीय परीक्षण किया गया। इन लोगों में विकिरण का प्रभाव नहीं पाया गया। इससे पहले सूत्रों के हवाले से मीडिया में खबर आई थी कि कम से कम 10 वैज्ञानिक विकिरण के चपेट में आ गए हैं। दिसंबर 2009 में बार्क परिसर में आग लगने की एक घटना में दो वैज्ञानिकों की जलकर मौत हो गई थी।













Click it and Unblock the Notifications