हिन्दू संगठनों के खिलाफ टिप्पणी बंद करें चिदंबरम : विहिप
इलाहाबाद, 13 मई (आईएएनएस)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम को चेतावनी दी है कि वह हिन्दू संगठनों व साधू संतों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से बाज आएं। चिदंबरम ने पिछले दिनों कथित तौर पर कहा था कि देश में बढ़ रहा हिन्दू आतंकवाद चिंता का विषय बन गया है।
विहिप के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल ने एक बयान जारी कर कहा, "चिदंबरम ने यह कहकर पुन: हिन्दुओं के विरूद्ध विषवमन करना आरंभ कर दिया है कि देश में बढ़ रहा हिन्दू आतंकवाद चिंता का विषय बन गया। बेहतर होगा चिदंबरम अपने इस बयान को वापल लें। विहिप उन्हें चेतावनी देती है कि वह हिन्दू संगठनों और साधु संतों को आतंकी कहकर उनके खिलाफ कदम उठाने से बाज आएं।"
उन्होंने कहा, "आज जिस प्रकार जेहादियों और नक्सलियों द्वारा किए जा रहे हमलों के समाचार रोजाना प्राप्त हो रहे हैं, उसे देखते हुए ऐसा लगता है कि चिदंबरम उनका सामना करने में पूर्ण रूप से असफल हो गए हैं और अपनी असफलता की खींझ मिटाने के लिए वह हिन्दू आतंकवाद का नया षडयंत्र गढ़ रहे हैं।"
सिंघल ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने सबसे पहले शंकराचार्य स्वामी जयेन्द्र सरस्वती को हत्या के आरोप में गिरफ्तार करवाया, फिर स्वामी असीमानंद को हिन्दू आतंकवादी घोषित किया और अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विहिप के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications