पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश के आसार (लीड-1)

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आगामी 48 घंटों में भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को आगामी दो-तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है।

उत्तरी इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार इन इलाकों में फिलहाल मौसम में बदलाव के आसार नहीं है। इस दौरान देश का सबसे गर्म स्थान महाराष्ट्र का चंद्रपुर और ब्रह्मपुरी रहा। वहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

आईएमडी के अनुसार दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि के आसार हैं। यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

दिल्ली में विगत दो दिनों से अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है और फिलहाल मौसम में बदलाव के आसार नहीं हैं।

मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री के आसपास रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार आगामी 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी से निजात मिलने के आसार कम है। राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान भोपाल में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 42 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 44 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान राज्य का सबसे गर्म स्थान खजुराहो रहा, जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया। राज्य के अधिकांश इलाकों में लू का कहर भी जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे गर्म स्थान झांसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वाराणसी का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री, इलाहाबाद का 43.5, कानपुर का 43.1 और लखनऊ का 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने गुरूवार को संवाददाताओं को बताया कि आने वाले दिनों में राज्य के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा ही रहेगा। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में बारिश के आसार बहुत कम हैं। राज्य के पूर्वी हिस्से के कुछ इलाकों में तेज आंधी आ सकती है।

बिहार में भी पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान पटना का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई कमी होने के आसार नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान भागलपुर का अधिकतम तापमान 44़ 4 और पूर्णिया का 41़ 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने गुरुवार को बताया कि अगले एक दो दिनों में बारिश के भी आसार नहीं है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+