संचार उपकरणों के आयात पर पिल्लै से मिले चीनी राजदूत
नॉर्थ ब्लॉक स्थित पिल्लै के कार्यालय में हुई बैठक के बाद जांग ने कहा, "हमने उपयोगी बातचीत की। उम्मीद है कि सभी मुद्दों को सुलझा लिया जाएगा।"
इससे पहले संचार उपकरण बनाने वाली कंपनी जेडटीई इंडिया के एक शीर्ष अधिकारी ने पिल्लै से मुलाकात की और चीनी उपकरणों के आयात से संबंधित सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की। जेडटीई इंडिया चीनी संचार उपकरण निर्माता कंपनी जेडटीई की पूर्व स्वामित्व वाली कंपनी है।
जेडटीई इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डी. के. घोष ने संवाददाताओं से कहा, "हमने भारत सरकार से अपील की है। हमने अपने विचारों को रखा है। अब देखना है कि सरकार क्या निर्णय लेती है।"
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह खुश हैं तो उन्होंने कहा कि बैठक एक सकारात्मक माहौल में हुई।
भारत में चीनी संचार उपकरणों के आयात पर प्रतिबंध के सवाल पर उन्होंने कहा, "हमारे पास कोई औपचारिक सूचना नहीं है लेकिन हमें संचार सेवा प्रदाता कंपनियों से पता चला है कि जेडटीई समेत कुछ कंपनियां सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरतीं।"
घोष ने कहा, "भारत सरकार को हमारा पूरा सहयोग है। हम उनकी सुरक्षा चिंताओं को अच्छी तरह समझते हैं। हम सरकार के सुरक्षा मानकों, नीतियों और जरूरतों का पालन करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications