बीमा कंपनियों के खिलाफ जांच करेगी सीबीआई
लखनऊ, 13 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) केंद्र सरकार द्वारा बीपीएल कार्ड धारकों के लिए चलाई जा रही यूनिवर्सल हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम (यूएचआईएस) में गड़बड़ी के आरोपों में तीन और बीमा कंपनियों के खिलाफ जांच करेगी।
इससे पहले सीबीआई ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के जरिए चलाई जा रही यूएचआईएस स्कीम में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायतों के बाद गत मंगलवार को कंपनी के लखनऊ और वाराणसी स्थित दफ्तरों में एक साथ छापेमारी कर 105 फर्जी मामले पकड़कर करीब 30 लाख रुपये के सरकारी धन के गबन को उजागर किया।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यूएचआईएस स्कीम चलाने वाली तीन अन्य बीमा कंपनियों ने भी इस योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की है। अपात्र लोगों को बीपीएल कार्ड धारक बताकर उनको स्वास्थ्य बीमा कार्ड दिए गए।
यूनिवर्सल हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम में बीपीएल कार्ड धारक को सौ रुपये प्रति वर्ष जमा करना होता है जबकि 300 रुपये केंद्र सरकार देती है और कार्ड धारक का स्वास्थ्य बीमा किया जाता है। बीमाधारक को 30 हजार रुपये वार्षिक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध होता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications