गडकरी वार्ड अध्यक्ष बनने के भी योग्य नही : लालू (लीड-2)
लालू ने पटना में गुरुवार को संवाददताओं से कहा, "भाजपा के नए अध्यक्ष गडकरी ने चण्डीगढ़ में जिस स्तर की भाषा का इस्तेमाल किया, वैसी भाषा लालकृष्ण आडवाणी या किसी अन्य नेता ने कभी नहीं बोली। उनकी टिप्पणी बेहद ओछी और शर्मनाक है।'
उन्होंने कहा कि गडकरी ने यह बयान देकर अपने स्तर को सबके सामने ला दिया है। लालू ने कहा, "गडकरी को कैसे भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अध्यक्ष बना दिया। वह तो किसी वार्ड के अध्यक्ष बनने लायक भी नहीं हैं।"
पूर्व रेल मंत्री ने कहा कि गडकरी के बयान की पूरे देश में निंदा हो रही है और जनता में आक्रोष है जो देश के लोकतंत्र के लिए अच्छा है। उन्होंने कहा, "माफी से काम नहीं चलेगा उन्हें इसका जवाब दिया जाएगा। राजद इसके लिए संघर्ष का रास्ता अपनाएगी। राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन चलाया जाएगा। इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए पटना में शुक्रवार को राजद की बैठक बुलाई गई है। "
लालू ने कहा कि भाजपा के लोग केन्द्र सरकार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का दुरुपयोग करने का आरोप लगा रहे हैं जबकि भाजपा के ही कई नेताओं के पैसे स्विस बैंक में जमा हैं। इसकी जानकारी सीबीआई को हो गई है और भाजपा के नेता अपने बचाव में अभी से ही भूमिका बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, " भाजपा चाहती है कि राजद के सांसद उनके साथ संसद में बैठकर उनके पक्ष में वोट करें, जो कभी नहीं होने वाला है। भाजपा के इस आरोप से साबित हो गया है कि जब केन्द्र में उसकी सरकार थी तब सीबीआई का दुरुपयोग करते हुए मेरे खिलाफ मामला बनाया गया था। "
उल्लेखनीय है कि बुधवार को चण्डीगढ़ में एक सभा के दौरान कटौती प्रस्ताव पर संसद में मतदान का जिक्र करते हुए गडकरी ने लालू और मुलायम के खिलाफ कथित तौर पर अभ्रद टिप्पणी की थी। बाद में उन्होंने इस पर खेद जताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications